August 28, 2026

बंद पत्थर खदान में मिला था युवती का शव, हंटरगंज पुलिस ने एक आरोपी को दबोचा; मुख्य आरोपी राहुल यादव अब भी फरार

प्रभात मंत्र संवाददाता

हंटरगंज । प्रेम-प्रसंग, मुकदमा वापस लेने का दबाव और फिर हत्या… हंटरगंज के जलो गांव स्थित बंद पत्थर खदान में 26 जून को मिले अज्ञात युवती के शव की गुत्थी आखिरकार 23 दिन बाद पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गया जिले की 23 वर्षीय दिव्या पासवान की हत्या प्रेम-प्रसंग और पूर्व में दर्ज मुकदमे को वापस लेने के विवाद में की गई थी। हत्या के बाद शव को हंटरगंज के जलो गांव स्थित बंद पत्थर खदान में फेंक दिया गया था।

पुलिस ने मामले में एक आरोपी नेपाली गंजू को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी राहुल यादव अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान गया जिले के डोभी थाना क्षेत्र अंतर्गत अच्छा गांव निवासी कुमारी दिव्या पासवान के रूप में हुई है। मामले में हंटरगंज थाना कांड संख्या 101/26 के तहत धारा 103/238/3(5) बीएनएस के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था।

बताया जाता है कि दिव्या का राहुल यादव के साथ प्रेम-प्रसंग था। पूर्व में दिव्या ने राहुल यादव के खिलाफ शेरघाटी थाना में मामला दर्ज कराया था। इस मामले में राहुल यादव जेल भी जा चुका था। पुलिस के अनुसार, इसी मुकदमे को वापस लेने के लिए दिव्या पर दबाव बनाया जा रहा था।

जांच में सामने आया कि 24 जून को राहुल यादव दिव्या को वाहन से लेकर हंटरगंज आया था। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के बाद दिव्या की हत्या कर दी गई और उसके शव को जलो स्थित बंद पत्थर खदान में फेंक दिया गया।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने नेपाली गंजू पिता झरी भुईयां, ग्राम खराटी, थाना बांके बाजार, जिला गया, वर्तमान पता हेमजापुर, थाना आमस, जिला गया को गिरफ्तार किया। उसके पास से मृतका का वनप्लस मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है।

शव की पहचान बनी थी सबसे बड़ी चुनौती

शव बरामद होने के बाद मृतका की पहचान नहीं हो पा रही थी। पुलिस के सामने अज्ञात युवती की पहचान करना और हत्या की गुत्थी सुलझाना बड़ी चुनौती थी। हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी सेल की मदद से जांच को आगे बढ़ाया। आसपास के जिलों में गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटाई गई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस धीरे-धीरे हत्याकांड की कड़ियों को जोड़ती चली गई।

लगातार छापेमारी और तकनीकी अनुसंधान के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही। इस कार्रवाई में एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में हंटरगंज अंचल के पुलिस निरीक्षक विपिन कुमार, थाना प्रभारी प्रभात कुमार, तकनीकी सेल की टीम एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

मुख्य आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी

पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी राहुल यादव अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम से जुड़े कई अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का भी खुलासा हो सकता है।

दिव्या को न्याय दिलाने के लिए आज शेरघाटी में कैंडल मार्च

दिव्या पासवान को न्याय दिलाने और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए आज शेरघाटी में विशाल शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकाला जाएगा। यह कैंडल मार्च शाम पांच बजे से सात बजे तक जेपी चौक, गोला बाजार से शुरू होकर थाना मोड़, शेरघाटी तक निकाला जाएगा।

आयोजकों ने लोगों से बड़ी संख्या में कैंडल मार्च में शामिल होने की अपील की है। लोगों का कहना है कि दिव्या पासवान को न्याय मिलना चाहिए और हत्याकांड के मुख्य आरोपी की जल्द गिरफ्तारी होनी चाहिए। कैंडल मार्च के माध्यम से दिव्या के लिए न्याय की आवाज बुलंद की जाएगी और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *