प्रमुख ने 79 नवनियुक्त होमगार्ड जवानों को किया सम्मानित
सफलता पाने के लिए मानसिक एवं शारीरिक रूप से सशक्त बनें, जीवन की आधी लड़ाई मन से जीती जाती है : बीडीओ
@Banty Kumar
कुंदा (चतरा): कभी लाल आतंक के गढ़ के नाम से जाना जाने वाला कुंदा प्रखंड अब अपनी नई उपलब्धियों के कारण चर्चा में है।प्रखंड से एक साथ 79 युवक-युवतियों का होमगार्ड में चयन होने पर पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।इस उपलब्धि पर गुरुवार को कुंदा जनता उच्च विद्यालय परिसर में नवनियुक्त होमगार्ड जवानों के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का नेतृत्व प्रमुख प्रतिनिधि जयराम भारती ने किया।समारोह में प्रखंड प्रमुख कमला देवी,बीडीओ साकेत कुमार सिन्हा,थाना प्रभारी प्रिंस कुमार सिंह सहित जनप्रतिनिधियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने नवनियुक्त जवानों को पुष्पमाला एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
प्रमुख प्रतिनिधि जयराम भारती ने कहा कि कभी नक्सल प्रभावित रहे कुंदा जैसे सुदूरवर्ती क्षेत्र से एक साथ 79 युवाओं का होमगार्ड में चयन होना पूरे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि पहले यहां के युवा भय के साये में जीवन बिताते थे लेकिन आज वही युवा वर्दी पहनकर समाज और देश की सेवा के लिए तैयार हैं।उन्होंने सभी जवानों से अनुशासन,ईमानदारी और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।मुख्य अतिथि बीडीओ साकेत कुमार सिन्हा ने कहा कि होमगार्ड जवान त्योहारों,चुनावों और आपदा जैसी परिस्थितियों में पुलिस एवं प्रशासन की रीढ़ होते हैं। उन्होंने जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, अपने आप को कभी कमजोर मत समझिए।जीवन की आधी लड़ाई मन से जीती जाती है।सफलता के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से सशक्त होना आवश्यक है।उन्होंने यह भी कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी समाज आपको एक जवान के रूप में ही सम्मान देगा। थाना प्रभारी प्रिंस कुमार सिंह ने कहा कि वर्दी जनता के लिए सुरक्षा और विश्वास का प्रतीक होती है।उन्होंने नवनियुक्त जवानों से ईमानदारी,अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ सेवा करते हुए निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया। एसएसबी कमांडेंट संजय कुमार ने जवानों को अनुशासन, देशभक्ति और सेवा भावना का संदेश देते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा दी।इस अवसर पर सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता एक मंच पर उपस्थित हुए और नवनियुक्त होमगार्ड जवानों को शुभकामनाएं दीं। सभी ने कहा कि कुंदा के युवाओं की यह सफलता पूरे प्रखंड के लिए प्रेरणास्रोत है और इससे अन्य युवाओं को भी सरकारी सेवा एवं राष्ट्रसेवा के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।कार्यक्रम के दौरान जवानों के परिजनों की आंखों में गर्व और खुशी साफ दिखाई दी। स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में युवाओं का चयन यह संदेश देता है कि अब कुंदा की पहचान शिक्षा, मेहनत और सेवा से बनेगी न कि हिंसा से।कार्यक्रम में मुखिया मनोज कुमार साहू,सिकीदाग मुखिया अनीता देवी,भाजपा मंडल अध्यक्ष दिलेश्वर भोक्ता,सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार यादव जेएमएम प्रखंड अध्यक्ष रंजीत भोक्ता,युवा प्रखंड अध्यक्ष मिथलेश यादव,राजद जिला उपाध्यक्ष दिलीप प्रसाद यादव,युवा राजद प्रखंड अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, सांसद प्रतिनिधि लवकुश कुमार गुप्ता,गंदौरी साव सहित सभी नवनियुक्त होमगार्ड जवान,उनके परिजन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।


