लातेहार : झारखंड से नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने संसद के आगामी मानसून सत्र से पहले रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की।इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बैद्यनाथ राम को राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने पर शुभकामनाएं एवं बधाई दी तथा उनके सफल संसदीय कार्यकाल की कामना की।मुलाकात के दौरान झारखंड के विकास, जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों तथा राज्य के अधिकारों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि आगामी मानसून सत्र में राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम झारखंड की जनभावनाओं, राज्य के अधिकारों, सामाजिक न्याय, आदिवासी-मूलवासी हितों तथा राज्य के सर्वांगीण विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को संसद के उच्च सदन में मजबूती के साथ रखेंगे।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड की जनता से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाना राज्य के जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। राज्यसभा जैसे महत्वपूर्ण सदन में झारखंड की आवाज को प्रभावी ढंग से रखने से राज्य की समस्याओं, मांगों और अधिकारों को राष्ट्रीय पटल पर उचित स्थान मिलेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवनिर्वाचित सांसद बैद्यनाथ राम पूरी प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी के साथ झारखंड की जनता की आवाज बनकर संसद में अपनी भूमिका निभाएंगे।
वहीं, राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड की जनता ने जिस विश्वास और उम्मीद के साथ उन्हें राज्यसभा भेजा है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि वे राज्य के विकास, युवाओं के रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, आदिवासी-मूलवासी अधिकार, सामाजिक न्याय तथा झारखंड के संवैधानिक और आर्थिक हितों से जुड़े मुद्दों को संसद के उच्च सदन में पूरी मजबूती के साथ उठाएंगे।उन्होंने कहा कि झारखंड प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य है, लेकिन यहां के लोगों को उनके अधिकार और संसाधनों का उचित लाभ मिलना आवश्यक है। राज्य के विकास और जनता के हित से जुड़े मुद्दों को संसद में प्रभावी तरीके से उठाने के लिए वे पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद के बीच हुई इस शिष्टाचार मुलाकात को आगामी मानसून सत्र के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले संसद सत्र में झारखंड से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुखता से उठाए जाएंगे। नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम के संसद में प्रवेश से झारखंड की आवाज को उच्च सदन में और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

