लातेहार । पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। भाकपा माओवादी के रीजनल कमेटी सदस्य और 20 लाख रुपए के इनामी रविंद्र गंझू की निशानदेही पर पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है। एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि रविंद्र गंझू को 12 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उसे पुलिस रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर AK-56 राइफल, 90 जीवित कारतूस, दो मैगजीन और एक काले रंग का पाउच बरामद किया। इस बरामदगी को सुरक्षा बलों के लिए बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रविंद्र गंझू लातेहार, गुमला और लोहरदगा जिलों में लंबे समय से सक्रिय था। उसके खिलाफ इन तीनों जिलों के विभिन्न थानों में करीब 155 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह कई बड़ी नक्सली घटनाओं में शामिल रहा है। जिसमें पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों की हत्या जैसी गंभीर वारदातें भी शामिल हैं। सुरक्षा एजेंसियों के लिए वह लंबे समय से चुनौती बना हुआ था। उसकी गिरफ्तारी को एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि वह संगठन में अहम भूमिका निभाता था। इलाके में माओवादी गतिविधियों को संचालित करता था।

