झारखंड से हनीट्रैप एजेंट अर्पिता सरकार को भी एसटीएफ के शिकंजे में….
प्रभात मंत्र संवाददाता
बरहरवा : – पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स यानी एसटीएफ ने आतंकवाद और जासूसी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो अहम गिरफ्तारियां की हैं। बर्धमान के रेनेसां हाउसिंग इलाके से जैश-ए-मोहम्मद के सक्रिय सदस्य हमीद मंडल को गिरफ्तार किया गया है। जांच एजेंसियों के अनुसार हमीद का संबंध वर्ष 2019 के पुलवामा आतंकी हमले में शामिल आतंकी सज्जाद भट्ट से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी मुख्यमंत्री की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहा था और उसके पास से मुख्यमंत्री की लाइव लोकेशन पर नजर रखने से जुड़े निर्देश, संदिग्ध चैट और कई संवेदनशील डिजिटल दस्तावेज बरामद किए गए हैं।साथ ही साथ पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री उमेश राय के परिजन के अपहरण का भी मामला सामने आया है। एसटीएफ को आशंका है कि राज्य में किसी बड़े आतंकी षड्यंत्र की तैयारी चल रही थी और मुख्यमंत्री पर हमले की साजिश भी उसी का हिस्सा हो सकती है। फिलहाल जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इसी मामले में एसटीएफ ने झारखंड के साहिबगंज से अर्पिता सरकार नाम की एक युवती को भी गिरफ्तार किया है, जिसे देर रात बर्धमान लाकर पूछताछ शुरू की गई। जांच एजेंसियों का दावा है कि युवती को हनीट्रैप एजेंट के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। उसका काम प्रभावशाली अधिकारियों, राजनेताओं और उनके करीबी लोगों को अपने जाल में फंसाकर गोपनीय जानकारियां हासिल करना था। हालाँकि अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस तरह जुटाई गई संवेदनशील सूचनाओं को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े नेटवर्क तक पहुंचाया जाता था। एसटीएफ अब दोनों आरोपियों से अपने सामने बैठा कर गहन पूछताछ कर इस पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी है। एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा राज्य में किसी बड़े आतंकी हमले या जासूसी अभियान की तैयारी तो नहीं की जा रही थी। इस पूरे घटनाक्रम के सामने आने के बाद पश्चिम बंगाल की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।


