लोहरदगा । जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला।शुक्रवार सुबह शहरी क्षेत्र के बरवाटोली कॉलेज रोड स्थित साहू साइकिल के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार दंपति को कुचल दिया।हादसा इतना भयावह था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।मृतकों की पहचान सदर थाना क्षेत्र के कुरसे गांव निवासी वारिश अंसारी (24 वर्ष),पिता इम्तियाज अंसारी, तथा उनकी पत्नी सानिया खातून (21 वर्ष) के रूप में हुई है।बताया जा रहा है कि दोनों स्कूटी से अपने साढ़ू के घर सेरेंगहातु गांव निवासी अली अंसारी के यहां जा रहे थे।इसी दौरान बरवाटोली कॉलेज रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन संख्या JH01GP-9060 लेकर मौके से फरार हो गया।हालांकि कुछ दूरी पर लोहरदगा-भंडरा रोड स्थित बीएस कॉलेज पुलिस पिकेट के पास ट्रक छोड़कर चालक फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।फिलहाल पुलिस ट्रक को जब्त कर फरार चालक की तलाश में जुट गई है। मामले की जांच जारी है।

