सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक सामग्री साझा करने के आरोप में जांच तेज़ी,
लैपटॉप, मोबाइल, टैब सहित अन्य सामान जब्त,
1, (इसी जगह से हिरासत में लिए गए, जहां पसरा सन्नाटा
विकास पांडेय
सतगावां (कोडरमा)। कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में सोमवार को इंडियन इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB), तीन राज्यों की पुलिस एवं कोडरमा पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। दिनभर चली इस कार्रवाई में कुल छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि, पूरे मामले में पुलिस ने अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हिरासत में लिए गए लोगों पर इंस्टाग्राम एवं अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से कथित रूप से आपत्तिजनक सामग्री साझा कर युवाओं को भड़काने का आरोप है। सूचना मिलने के बाद केंद्रीय खुफिया एजेंसी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और कोडरमा पुलिस के साथ संयुक्त छापेमारी की योजना बनाई।बताया जाता है कि कोडरमा पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। रविवार देर रात आईबी की टीम कोडरमा पहुंची और सोमवार अहले सुबह माधोपुर गांव में संयुक्त छापेमारी कर पांच लोगों को हिरासत में लिया गया। हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान अरशद महफूज (पिता–जहांगीर आलम), जहांगीर आलम (पिता–स्व. जमान), मो. शहादत (पिता–स्व. रहमत मियां), मो. आशिफ (पिता–स्व. शाहिद) तथा मो. समशेर आलम (पिता–मो. अमजद) के रूप में हुई है।
शाम को फिर हुई दबिश, युवती भी हिरासत में
सूत्रों के मुताबिक, सोमवार शाम सुरक्षा एजेंसियों ने दोबारा माधोपुर में दबिश दी और मुस्कान प्रवीण नामक एक युवती को भी हिरासत में लिया। इस प्रकार हिरासत में लिए गए लोगों की संख्या छह हो गई। लैपटॉप, मोबाइल, टैब और धारदार सामान जब्त छापेमारी के दौरान टीम ने एक लैपटॉप, आधा दर्जन से अधिक मोबाइल फोन, एक टैबलेट तथा चाकू, छुरा जैसे धारदार सामान भी बरामद किए, जिन्हें जांच के लिए अपने साथ ले जाया गया है। जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कर उनके डिजिटल डेटा की पड़ताल की जाएगी फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां सभी हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही हैं। पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस ने अभी तक आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और विस्तृत जानकारी देने से परहेज किया है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले के सभी पहलुओं पर आधिकारिक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
