रांची। 5 अगस्त, 2026 मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड विधानसभा मानसून सत्र से ठीक एक दिन पहले लोक भवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से भेंट कर झारखण्ड लोक सेवा आयोग एवं झारखण्ड कर्मचारी चयन आयोग की नियुक्ति प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं तथा इसके विरोध में राँची में चल रहे छात्र आंदोलन के संबंध में अवगत कराया।उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा तथा इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। परीक्षा में हो रही गड़बड़ियां सिर्फ झारखंड का मुद्दा नहीं है बल्कि कई राज्यों में ऐसी स्थिति है और छात्र हित में मैं गृह मंत्री से भी मिलकर बात करुंगा, ताकि छात्र छात्राओं अभ्यर्थियों के साथ अनिमियतता नहीं हो सके। उक्त अवसर पर राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी उपस्थित थे।
राज्यपाल ने छात्रहित को सर्वोपरि बताते हुए परीक्षा प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं युवाओं के विश्वास को बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया तथा कथित अनियमितताओं को अत्यंत गंभीर विषय बताया। उन्होंने कहा कि आयोग इस प्रकार कार्य करें कि उनकी पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता पर किसी भी प्रकार का प्रश्नचिह्न न लगे। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार छात्रों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

