
रांची। वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची श द्वारा जिला में कार्यरत टाइगर मोबाइल के पदाधिकारियों एवं कर्मियों की कार्यप्रणाली, गश्ती व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण के संबंध में यु.सी.झा हॉल, नवीन पुलिस केंद्र में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात, अपर पुलिस अधीक्षक कोतवाली, सभी पुलिस उपाधीक्षक, सभी थाना प्रभारी तथा टाइगर मोबाइल में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।बैठक के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची द्वारा टाइगर मोबाइल की गश्ती व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने तथा अपराध नियंत्रण के दृष्टिकोण से निम्नलिखित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए—
- सघन गश्ती:
टाइगर मोबाइल द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में स्थित बैंक, एटीएम, ज्वेलरी शॉप, स्कूल, कॉलेज एवं अन्य महत्वपूर्ण/संवेदनशील प्रतिष्ठानों के आसपास नियमित एवं सघन गश्ती सुनिश्चित की जाएगी। - अपराधियों एवं संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन:
आर्म्स एक्ट, चोरी, NDPS, अवैध शराब, चेन स्नैचिंग, मोबाइल स्नैचिंग एवं ड्रग पेडलिंग जैसे अपराधों में संलिप्त अभियुक्तों/पूर्व अपराधियों तथा संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया जाएगा। इनके संबंध में सूचना एवं आसूचना का संकलन कर आवश्यकतानुसार अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। - QR Code आधारित पेट्रोलिंग:
जिला के सभी थाना क्षेत्रों में थाना के अनुसार महत्वपूर्ण स्थलों, जैसे स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, ज्वेलरी शॉप एवं अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर QR Code लगाए गए हैं। टाइगर मोबाइल द्वारा इन स्थलों पर जाकर QR Code स्कैन करते हुए पेट्रोलिंग की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। - फायरिंग प्रैक्टिस:
टाइगर मोबाइल में कार्यरत सभी पदाधिकारियों एवं सिपाहियों की छोटे हथियारों के साथ फायरिंग प्रैक्टिस अविलंब कराई जाएगी। - थाना प्रभारियों द्वारा पर्यवेक्षण एवं कार्य-विभाजन:
सभी थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्र में कार्यरत टाइगर मोबाइल के कार्यों का नियमित पर्यवेक्षण करेंगे। साथ ही क्षेत्र की आवश्यकता के अनुरूप कार्य-विभाजन, क्षेत्र-विभाजन एवं ड्यूटी समय का उचित निर्धारण सुनिश्चित करेंगे। - तीन वर्ष से अधिक समय से कार्यरत कर्मियों का स्थानांतरण:
वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची महोदय द्वारा निर्देशित किया गया कि टाइगर मोबाइल में तीन वर्ष से अधिक समय से कार्यरत पदाधिकारियों एवं कर्मियों का स्थानांतरण किया जाएगा तथा उनके स्थान पर नए पदाधिकारी एवं कर्मियों की पदस्थापना की जाएगी, ताकि टाइगर मोबाइल की कार्यप्रणाली में निरंतर प्रभावशीलता एवं नवीनता बनी रहे।वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया गया कि अपराध की रोकथाम, अपराधियों की पहचान एवं आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए टाइगर मोबाइल की गश्ती व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं सक्रिय बनाया जाए।


