September 4, 2026

चतरा :  लावालौंग थाना क्षेत्र के जोभी टोला बेहराबाद से पुलिस ने 1.485 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की कीमत करीब 7.50 लाख रुपये बताई जा रही है। इस संबंध में लावालौंग थाना में कांड संख्या 66/26, धारा 18(c)/27(A)/29 NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले को लेकर सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब ने प्रेसवार्ता कर बताया कि 02.09.2026 को चतरा पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम जोभी टोला बेहराबाद में भगन गंझु अपने घर में अवैध रूप से अफीम का भंडारण किए हुए है। सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पचिया देवी पति भगन गंझु के घर से भंडारित अफीम बरामद किया। मौके से अभियुक्त के परिजन का आधार कार्ड भी जब्त किया गया। गिरफ्तार अभियुक्ता की पहचान पचिया देवी, उम्र 50 वर्ष, पति भगन गंझु, साकिन जोभी टोला बेहराबाद, थाना लावालौंग, जिला चतरा के रूप में हुई है। छापामारी दल में एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब, पुअनि चंदन कुमार, लावालौंग थाना सशस्त्र बल एवं स्थानीय चौकीदार शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *