
रांची। वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची राकेश रंजन द्वारा टाइगर मोबाइल की कार्यक्षमता एवं पुलिसकर्मियों की दक्षता को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से दिए गए निर्देशों के अनुपालन में राँची पुलिस द्वारा लगातार आवश्यक प्रशिक्षण एवं अभ्यास कराया जा रहा है। इसी क्रम में 04.09.2026 को जैप-1 ग्राउंड, बरियातू, राँची में टाइगर मोबाइल में प्रतिनियुक्त सभी पुलिस कर्मियों एवं पुलिस जवानों के साथ-साथ राँची जिला के विभिन्न थाना के थाना प्रभारियों एवं संबंधित पुलिस पदाधिकारी का छोटे हथियारों से फायरिंग अभ्यास कराया गया।
फायरिंग अभ्यास के दौरान पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं मानक प्रक्रिया का पालन करते हुए हथियारों के सुरक्षित एवं प्रभावी संचालन, लक्ष्य पर सटीक निशाना लगाने तथा आकस्मिक परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया देने का अभ्यास कराया गया। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल की फायरिंग दक्षता, हथियार संचालन क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं ऑपरेशनल तत्परता को और बेहतर करना है, ताकि कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण से संबंधित किसी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में पुलिस बल प्रभावी ढंग से कार्रवाई कर सके।
वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची के निर्देशानुसार राँची पुलिस द्वारा पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों के निरंतर प्रशिक्षण, कौशल विकास एवं क्षमता निर्माण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इस प्रकार के नियमित अभ्यास से पुलिस बल की कार्यकुशलता में वृद्धि होने के साथ-साथ जन-सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के प्रति पुलिस की तत्परता और प्रभावशीलता को और मजबूत किया जा रहा है। बता दें कि 2 अगस्त को ब्राउन शुगर की खरीद बिक्री की सूचना पर टाइगर मोबाइल हिंदपीढ़ी छापेमारी करने पहुंची थी जिसमें एक जवान के साथ मारपीट की घटना हुई थी। 3 अगस्त को वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने गंभीरता से पुलिस लाइन में सभी पुलिस कर्मियों के साथ बैठक किये और अपराध रोकने के लिए कई निर्देश दिए थे।


