
मेदिनीनगर : पुलिस अधीक्षक, पलामू कपिल चौधरी द्वारा पिछले वर्ष 04.09.2025 को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए शहीद आरक्षी संतन कुमार मेहता एवं शहीद आरक्षी सुनील राम को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर शहीद आरक्षी संतन कुमार मेहता के पैतृक ग्राम बरेवा में उनकी स्मृति में निर्मित मूर्ति/स्मारक का अनावरण पुलिस अधीक्षक, पलामू द्वारा किया गया। उन्होंने शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं सर्वोच्च बलिदान को याद किया।वहीं, शहीद आरक्षी सुनील राम, निवासी ग्राम परता, थाना हैदरनगर, के चित्र पर भी पुलिस अधीक्षक द्वारा माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने भी दोनों वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पलामू पुलिस के वीर जवानों का सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। देश एवं समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों का साहस और कर्तव्यनिष्ठा हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता तथा पलामू पुलिस सदैव शहीद परिवारों के साथ खड़ी है।कार्यक्रम के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हुसैनाबाद, थाना प्रभारी हैदरनगर सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी, पुलिस बल के जवान एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में शहीदों के प्रति सम्मान, गर्व एवं भावुकता का वातावरण बना रहा।


