@Banty Kumar
कुंदा (चतरा):-कुंदा थाना क्षेत्र के कुंदा गांव के बरवाडीह टोला से शनिवार को एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। बताया जाता है कि सुबह तकरीबन 9:30 बजे 46 वर्षीय बुधन भारती ने गुस्से में आकर दो जिंदा सांप निगल लिए। इसके बाद वह तीसरे सांप को भी खाने की कोशिश कर रहा था लेकिन परिजनों ने समय रहते उसे रोक लिया।ग्रामीणों के अनुसार परिजनों द्वारा रोकने के बाद भी बुधन का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उसने तीसरे सांप को लाठी से मार डाला। घटना के बाद परिजन तत्काल उसे इलाज के लिए प्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। परिजन अपने साथ मरा हुआ सांप भी अस्पताल ले गए,जिसे देखकर चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी भी कुछ समय के लिए हैरान रह गए।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कुमार संजीव ने मरीज की जांच कर प्राथमिक उपचार किया।उन्होंने बताया कि सामान्यतः सांप विषैले हो सकते हैं इसलिए ऐसे मामलों में तत्काल चिकित्सकीय जांच कराना आवश्यक है।उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में इस प्रकार का मामला पहली बार सामने आया है।
डॉक्टरों के अनुसार जांच के दौरान बुधन भारती के शरीर में विष के प्रभाव के कोई स्पष्ट लक्षण नहीं पाए गए। हालांकि, जांच के दौरान यह भी पता चला कि वह शराब के नशे में था।फिलहाल उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है और वह खतरे से बाहर है।
डॉ. कुमार संजीव ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सांप काटने या किसी विषैले जीव के संपर्क में आने पर किसी भी प्रकार का जोखिम भरा कदम न उठाएं। तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर चिकित्सकीय सलाह लें। झाड़-फूंक या स्वयं उपचार करने का प्रयास गंभीर और जानलेवा साबित हो सकता है।
ग्रामीणों का दावा है कि बुधन भारती ने वास्तव में दो सांप निगले थे और इसके बाद शराब का सेवन भी किया था।इस अनोखी घटना के बाद पूरे कुंदा क्षेत्र में इसकी चर्चा बनी हुई है। लोग इसे आश्चर्य नशे की स्थिति और अंधविश्वास से जोड़कर देख रहे हैं।

