August 29, 2026

पलामू  चियांकी में गुरुवार सुबह हाईवे निर्माण कार्य को लेकर प्रशासनिक टीम और ग्रामीणों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ, जिसमें कई ग्रामीणों के साथ पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। झड़प में जैप के राजमोहन सिंह और सहायक पुलिस की महिला जवान प्रिया सिंह घायल हो गई।दोनों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद डीएसपी राजेश यादव एवं वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचकर कैंप कर रहे हैं। दरअसल, नेशनल हाईवे फोरलेन कार्य के लिए चियांकि इलाके में जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। जमीन अधिग्रहण के मुआवजा को लेकर ग्रामीणों के साथ विवाद चल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें मुआवजा नहीं मिला है और निर्माण कार्य शुरू हो रहा है। पूरे हालात को देखते हुए सदर एसडीएम संजय पांडेय ने 9 और 10 जुलाई को चियांकि इलाके में निषेधाज्ञा लागू किया था। इसके बावजूद स्थानीय ग्रामीण निर्माण कार्य का विरोध कर रहे थे। गुरुवार सुबह जब प्रशासनिक टीम निर्माण स्थल पर पहुंची, तो ग्रामीणों से कहासुनी शुरू हो गई।देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच पथराव होने लगा। घटना में जैप के जवान राजमोहन सिंह के सिर में गंभीर चोट लगी है, जबकि सहायक महिला पुलिसकर्मी प्रिया कुमारी के पैर में चोट आई है। अन्य घायल पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों का भी एमएमसीएच में इलाज चल रहा है। गुरुवार को कंस्ट्रक्शन के लिए जमीन अधिग्रहण करने प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची थी। इस दौरान ग्रामीणों और प्रशासनिक टीम के बीच बहस हो गई और इसके बाद ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। समाचार लिखे जाने तक हंगामा जारी था और पुलिस एवं प्रशासनिक टीम ग्रामीणों के साथ बातचीत कर रहे थे। सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी ने बताया कि चियांकि इलाके में पथराव हुआ है। पूरे मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। कुछ जवानों को चोट भी लगी है। एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा है। घटना के कारण चियांकी और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल बना हुआ है। प्रशासन की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *