रील का जुनून पड़ा भारी! गेतलसूद डैम में डूबे 20 वर्षीय युवक का शव बरामद
सिकिदीरी पुलिस, प्रशिक्षित गोताखोरों और स्थानीय लोगों ने चलाया संयुक्त रेस्क्यू अभियान, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
अनगड़ा । गेतलसूद डैम में रविवार को नहाने के दौरान एक 20 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान बरियातू के मिल्लत कॉलोनी निवासी अमान खान के पुत्र अरसलान खान (20 वर्ष) के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अरसलान अपने साथियों के साथ गेतलसूद डैम घूमने और नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही सिकिदीरी थाना प्रभारी बमशंकर यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया।
युवक की तलाश के लिए फ्लो टैक्स कंपनी के प्रशिक्षित गोताखोरों को बुलाया गया, जिन्होंने कई घंटों तक डैम में सघन खोज अभियान चलाया।स्थानीय गोताखोरों ने तार का झागड़ बनाकर खोजबीन की, जिसके बाद काफी मशक्कत के बाद युवक का शव बरामद किया गया।
घटना स्थल मे आजकल कई युवा रील और सोशल मीडिया के आकर्षण में अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना से सभी युवाओं को सबक लेना चाहिए और जलाशयों में सुरक्षा नियमों का पालन करना चाहिए।
शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।


