August 29, 2026

गढवा।भवनाथपुर शनिवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में पांच लोग घायल हो गए। घायलों में बाला यादव, सरिता देवी, रामगुलाम यादव, राम अधीन यादव एवं कलाउती देवी शामिल हैं। सभी घायलों का प्राथमिक उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवनाथपुर में कराया गया। घायल बाला यादव ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पहले अपने दावे वाली जमीन की जुताई कर उसमें बोवाई की थी। शनिवार सुबह रामनाथ उरांव, जयनंदन उरांव, फागू उरांव, रामेश्वर उरांव, संजय उरांव समेत करीब दो दर्जन लोग उक्त खेत में पहुंचकर दोबारा जुताई करने लगे। इसका विरोध करते हुए उन्होंने तत्काल भवनाथपुर थाना पुलिस को सूचना दी। बाला यादव का आरोप है कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में बाला यादव सहित सरिता देवी, रामगुलाम यादव, राम अधीन यादव और कलाउती देवी घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।वहीं, दूसरे पक्ष के रामेश्वर उरांव ने आरोप लगाया कि संबंधित जमीन पर उनका परिवार वर्षों से खेती करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले बाला यादव पक्ष ने खेत की जुताई कर दी थी। शनिवार को जब वे खेत जोतने पहुंचे तो प्रशासन ने उन्हें रोकते हुए थाना चलने को कहा। उनका आरोप है कि थाना आने के दौरान बाला यादव ने उनकी पत्नी निर्मला देवी के बाल पकड़कर खींच दिए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया। हालांकि पुलिस की मौजूदगी से स्थिति नियंत्रण में रही।थाना प्रभारी रजनी रंजन ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है। मारपीट की घटना के बाद मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *