August 28, 2026
1000766319

:जमीन विवाद की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर दुर्व्यवहार का लगा था आरोप

प्रभात मंत्र संवाददाता

पाकुड़। मुफस्सिल थाना से सटे जानकीनगर गांव स्थित एक जमीन को लेकर उत्पन्न विवाद मामले की जांच करने पहुंची पुलिस टीम के साथ दुर्व्यवहार के आरोप में नेता अजहर इस्लाम की गिरफ्तारी के लिए बुधवार को छापेमारी की गई। इस दौरान व्यावसाई से नेता बने अजहर इस्लाम का आवास पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। उनकी गिरफ्तारी के लिए तीन थानों से काफी संख्या में पुलिस बल पहुंची थी। पुलिस अजहर इस्लाम के साथ-साथ उनके पिता अली अकबर को भी गिरफ्तार करने पहुंची थी। दोनों पिता-पुत्र पर पुलिस के साथ दुर्व्यवहार का आरोप है। यह दुर्व्यवहार का मामला मंगलवार की है, जब पुलिस टीम अजहर इस्लाम से जुड़ी एक जमीन विवाद की जांच करने पहुंची थी। उसी दौरान अली अकबर और अजहर इस्लाम पर पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की करने का आरोप है। इस छापेमारी टीम में मुफस्सिल थाना प्रभारी गौरव कुमार खुद मौजूद थे। उनके साथ मुफस्सिल पुलिस के अलावा मालपहाड़ी और नगर थाना की पुलिस भी मौजूद थी। हालांकि तकरीबन 10 घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ गया। अली अकबर और अजहर इस्लाम दोनों घर से गायब बताए गए। इस दौरान पुलिस ने नियम-कानून के तहत सारे प्रावधानों को अपनाया। आरोपी पिता-पुत्र को माइकिंग के जरिए पुलिस की कार्रवाई में सहयोग करने की अपील भी की गई। थाना प्रभारी गौरव कुमार ने खुद नियम के तहत माइकिंग कर सहयोग करने को कहा। लेकिन जब दोनों गायब मिले, तो पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ गया। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पत्थर व्यवसाई अली अकबर और उनके पुत्र नेता अजहर इस्लाम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम सुबह करीब 6:00 बजे के आसपास रेड करने पहुंची थी। पुलिस ने चारों तरफ से पूरे घर को घेर रखा था। ताकि आरोपियों को भगाने का मौका नहीं मिले।

क्या है मामला

मिली जानकारी के मुताबिक अजहर इस्लाम के घर के पूर्वी दिशा में एक जमीन को लेकर जानकीनगर गांव के ही पत्थर व्यावसाई जाकिर हुसैन के साथ विवाद चल रहा है। इसी जमीन को लेकर अजहर इस्लाम और जाकिर हुसैन के बीच उत्पन्न विवाद की जांच करने मंगलवार को मुफस्सिल थाना की पुलिस पहुंची थी। आरोप है कि अजहर इस्लाम और उनके पिता अली अकबर पुलिस टीम के साथ उलझ गए और धक्का-मुक्की की। इसके बाद पुलिस अवर निरीक्षक रामदुलार सिंह के लिखित बयान के आधार पर मुफस्सिल थाना में कांड संख्या 96/26 दर्ज किया गया। इस मामले में अली अकबर और अजहर इस्लाम के साथ-साथ अजहर के पर्सनल सिक्योरिटी गार्ड और कुछ सहयोगी तथा कुछ मजदूरों को भी आरोपी बनाया गया। अजहर इस्लाम के खिलाफ अनुमंडल दंडाधिकारी के द्वारा लगाए गए निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने का भी आरोप लगा है। इसके अलावा झूठे केस में फंसाने की धमकी देने के आरोप भी लगे हैं। इसी मामले में पुलिस बुधवार को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहुंची थी।

जंगल में आग की तरह फैल गई अजहर इस्लाम के घर रेड की खबर

अली अकबर और उनके पुत्र नेता अजहर इस्लाम के घर पुलिस की रेड की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई। गिरफ्तारी के लिए जिस संख्या में पुलिस बल पहुंची थी, वह लोगों में चर्चा का विषय बन गया। जिस वक्त से अजहर इस्लाम के घर रेड करने पुलिस पहुंची, सोशल मीडिया पर खबर फैलना शुरू हो गया। जिससे यह घटनाक्रम पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया।

कौन है अजहर इस्लाम

अजहर इस्लाम पाकुड़ के जाने-माने पत्थर व्यवसाई अली अकबर के पुत्र हैं। अली अकबर कभी कांग्रेस के दिग्गज नेता आलमगीर आलम के करीबी हुआ करते थे। अजहर इस्लाम पिछले विधानसभा चुनाव में इसलिए काफी ज्यादा चर्चा में आ गए, क्योंकि अजहर इस्लाम ने कांग्रेस के खिलाफ बगावत कर दिया और पाकुड़ विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतर गए। उन्हें आजसू के टिकट पर भाजपा समर्थित एनडीए का प्रत्याशी बनाया गया। हालांकि अजहर इस्लाम को चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा। यह हार किसी और से नहीं, बल्कि कांग्रेस से ही मिली। उन्हें पूर्व मंत्री आलमगीर आलम की गैर मौजूदगी में उनकी पत्नी निसात आलम ने हराया। निसात आलम ने पूरे झारखंड में सबसे ज्यादा वोटों से जीत हासिल करने का इतिहास बना डाला।

क्या कहते एसडीपीओ पाकुड़…

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव ने कहा की अली अकबर और ज़ाकिर शेख के बीच जमीन विवाद चल रहा था.20 जुलाई को कोर्ट का फैसला आने वाला था.जिसमें एक पक्ष द्वारा शिकायत किया था की फैसला आने से पूर्व ही विवादित जमीन पर अली अकबर और उनके पुत्र द्वारा कार्य शुरू कर दिया है.उसी शिकायत को लेकर मुफसिल पुलिस विवादित जमीन पर गई थी उसी दौरान अली अकबर उनके पुत्र अजहर ईस्लाम सहित अन्य लोगों द्वारा पुलिस से धक्का मुक्की, दुर्व्यवहार करने लगे. इसपर पुलिस मुफ्फसिल थाना में मुकदमा दर्ज किया है.उक्त मामले को लेकर पुलिस छापेमारी करने गई थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *