घात लगाकर अज्ञात अपराधियों ने दो वाहनों पर 7 राउंड फायरिंग की
प्रभात मंत्र संवाददाता

बड़कागांव: एनएमएल पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना में कोयला परिवहन कार्य में लगे हाईवा वाहन को एक बार फिर अपराधियों ने निशाना बनाया। शनिवार की रात लगभग 11:00 बजे तेरह माईल से 200 मीटर आगे घात लगाकर अज्ञात अपराधियों ने दो वाहनों पर फायरिंग की।
प्रत्यक्षदर्शी चालकों के अनुसार तीन अपराधी घटनास्थल पर मौजूद थे, जिन्होंने वाहन पर लगभग सात राउंड गोलियां चलाईं। इसके अतिरिक्त अपराधियों ने लोहे की रॉड से हाईवा के शीशों पर भी हमला किया, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा। घटना के बाद अपराधी मौके पर एक पर्चा भी छोड़ गए, जिस पर “प्रिंस खान K.S.S.” अंकित था।
उल्लेखनीय है कि यह इस वर्ष परियोजना के परिवहन कार्य पर हुआ पहला हमला नहीं है। इससे पूर्व 22 अप्रैल 2026 को भी तेरह माईल के समीप अपराधियों ने दिनदहाड़े कोयला ढुलाई कर रहे एक हाईवा वाहन में आग लगा दी थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाएं क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस तथा कानून-व्यवस्था के प्रति उनकी बेखौफ मानसिकता को दर्शाती हैं।
इस संबंध में पकरी बरवाडीह परियोजना प्रबंधन ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इस प्रकार की आपराधिक घटनाएं अत्यंत गंभीर एवं चिंताजनक हैं। प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया है कि पुलिस प्रशासन शीघ्र ही दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई करेगा।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।
