August 28, 2026

पलामू पलामू के मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के बायपास रोड स्थित जेएमपी कॉम्प्लेक्स में हुए गार्ड विनोद पांडे मर्डर केस का पुलिस ने उद्वेदन कर दिया है। शूटर सहित तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। हत्या में इस्तेमाल हथियार एक देसी कट्टा, दो गोली और स्कूटी बरामद की गई है। जिले के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से इस संबंध में जानकारी दी।‌एसपी ने बताया कि 26 जुलाई की देर रात घटना हुई थी। तीन अपराधियों ने जेएमपी कॉम्प्लेक्स के गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी थी। 16 जुलाई को बर्थडे पार्टी के दौरान कॉम्प्लेक्स के मैनेजर सोनू सिंह से डीजे बजाने को लेकर विवाद हुआ था। बुकिंगकर्ता विशुन राम और उसके साथी तीन महिला डांसर के साथ देर रात तक पार्टी में डीजे बजाकर नाच रहे थे।‌मैनेजर ने जब ज्यादा रात हो जाने और बुकिंग अवधि समाप्त हो जाने का हवाला देकर डीजे बजाने से मना किया था तो विवाद हो गया था। दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। मारपीट में मैनेजर के साथ गार्ड भी शामिल था। घटना के बाद मैनेजर को जेल भेज दिया गया था। गार्ड से बदला लेने के लिए इस घटना को अंजाम दिया गया था।‌एसपी ने बताया कि मंगलवार को गुप्त सूचना मिली कि गार्ड हत्याकांड में शामिल अपराधी सदर थाना क्षेत्र के पोखराहा छेछानी टोला में देखे गए हैं। सूचना पर शहर और सदर थाना पुलिस की संयुक्त टीम भेज कर कार्रवाई की गई और तीन अपराधियों चैनपुर के अनुभूति सिंह उर्फ उड़ी, गोल्डन यादव और चंदन कुमार उर्फ चंदन कमलापुरी को गिरफ्तार किया गया। चंदन ने गोली मारकर गार्ड की हत्या की थी। उसके खिलाफ चैनपुर और गढ़वा के रमकंडा थाना मिलाकर 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *