पलामू । जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के शहर थाना क्षेत्र के कोयल नदी किनारे स्थित शिवाला घाट के पास बुधवार रात ताबड़तोड़ फायरिंग हुई, जिसमें तीन युवकों को गोली लग गई. हालांकि तीन से चार युवक बाल-बाल बच गए. घायल युवकों में से दो को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जख्मी युवकों में मेदिनीनगर के शास्त्री नगर (भट्ठी मुहल्ला) निवासी 18 वर्षीय दिनेश कुमार, 25 वर्षीय निखिल कुमार एवं चैनपुर निवासी 20 वर्षीय प्रकाश कुमार शामिल हैं. गोली चलाने वालों की संख्या आधा दर्जन से आसपास बतायी गई है. घटना आपसी रंजिश से जुड़ी बताई जा रही है. घटना रात 8.40 बजे के आसपास की है. बताया जाता है कि शिवाला घाट के पास आधा दर्जन से अधिक युवक बैठे हुए थे. अचानक पांच लड़के पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. अचानक गोली चलने से नदी किनारे बैठे युवक इधर-उधर भागना शुरू कर दिए. इस दौरान दिनेश कुमार के पेट में, निखिल को कमर एवं बांह में औक प्रकाश को हाथ में गोली लग गई. इधर, पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा गोली चलाने वाले आरोपियों की पहचान और घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है. घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ चिरंजीव मंडल अस्पताल पहुंचे एवं मामले की छानबीन शुरू की. घटना को लेकर उन्होंने बताया कि मामले को हर पहलू से जांच की जा रही है. स्थिति जल्द स्पष्ट की जाएगी. मौके पर एसआई श्रीराम शर्मा एवं बड़ी संख्या में पुलिस जवान मौजूद थे।

