August 28, 2026

खूंटी । जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए AHTU सह महिला थाना प्रभारी सपना सुलेखा को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. एसीबी की ट्रैप टीम ने यह कार्रवाई गुरुवार को की. आरोपी थाना प्रभारी पर एक केस से नाम हटाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप था. एसीबी के मुताबिक, खूंटी के रहने वाले श्याम कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके खिलाफ AHTU थाना में दर्ज मानव तस्करी और बंधुआ मजदूरी से जुड़े मामले में उन्हें गलत तरीके से फंसाया गया है. शिकायतकर्ता का आरोप था कि केस से नाम हटाने के लिए थाना प्रभारी सपना सुलेखा ने कुल 4.50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी. शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पूरे मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई. सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई. तय रणनीति के तहत जैसे ही शिकायतकर्ता ने 50 हजार रुपये की पहली किस्त थाना प्रभारी को दी, एसीबी की टीम ने उन्हें मौके पर ही रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *