August 28, 2026

पलामू । चैनपुर थाना क्षेत्र के बंदुआ गांव में 29 जुलाई को हुई गोलीबारी और चाकूबाजी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस घटना में एक व्यक्ति को गोली लगी थी, जबकि दो लोग चाकू से घायल हुए थे। इलाज के दौरान चाकू से घायल मकबूल अंसारी की मौत हो गई थी।  पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने प्रेस वार्ता में बताया कि घटना की सूचना मिलते ही विशेष टीम का गठन कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई। मामले में कुल 19 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है, जिनमें से अब तक नौ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में इमरान मियां, सरातुल मियां, शहबाज मियां, तबरेज आलम, इसराफिल मियां, सोनू मियां, गोकुल मियां, शेरू मियां और पालु मियां शामिल हैं। सभी आरोपी चैनपुर थाना क्षेत्र के बंदुआ गांव के निवासी हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून लगा धारदार चाकू बरामद किया गया है। इसके अलावा घटनास्थल से 7.65 एमएम का एक खोखा, घटना में प्रयुक्त दो बेल्ट और ब्लड सैंपल भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि घटना की शुरुआत कथित छेड़खानी के विवाद से हुई थी। आरोपियों के अनुसार, एक लड़की के साथ कथित छेड़खानी की घटना के बाद उसके पिता अपने साले के साथ संबंधित युवक के घर पहुंचे, जहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और हाथापाई हुई। इसके बाद विवाद बढ़ता गया और मारपीट, गोलीबारी तथा चाकूबाजी की घटना हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *