August 29, 2026

गुमला । जिले में दो बड़े सोना लूट मामले का खुलासा गुमला पुलिस ने किया है. पुलिस ने मामले में अंतरराज्यीय गिरोह के 11 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. इस गिरोह का संबंध कोरई गैंग से है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद जेल भेज दिया है. इसकी पुष्टि गुमला एसपी हारिस बिन जमां ने की है. एसपी ने बताया कि यह गिरोह कई राज्यों में चोरी, छिनतई और लूट की घटनाओं को अंजाम देता था. गुमला के पालकोट और घाघरा में सोना व्यापारियों से करोड़ों रुपये की लूट हुई थी. उक्त दोनों घटनाओं को इसी गिरोह के अपराधियों ने अंजाम दिया था. एसपी हारिस बिन जमां ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पालकोट के बिल्डिंगबीरा में छापेमारी कर पुलिस ने सबसे पहले सात आरोपियों को गिरफ्तार किया. उनकी निशानदेही पर बाद में चार अन्य अभियुक्तों को भी पकड़ा गया. गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से लगभग 70 ग्राम सोना, करीब डेढ़ किलोग्राम चांदी, 1 लाख 70 हजार रुपये नकद, एक देसी पिस्तौल, दो देसी कट्टा, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किए गए हैं. एसपी ने आगे बताया कि गिरोह के कुछ सदस्य अभी भी फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. गिरफ्तार आरोपियों में ओडिशा राज्य के जाजपुर जिला अंतर्गत कोरई थाना क्षेत्र के पुरवाकोट निवासी आर अर्जुन उर्फ अबला अर्जुन, अक्षय कबाड़ी, येशु दास, किशुन दास,अवला शेखर, आडिशा राज्य के जाजपुर जिला निवासी अर्जुन दास, नाईकेल सावन, मनोज दास, और भोला दात्त शामिल हैं. वहीं छत्तीसगढ़ राज्य के महासमुंद जिला निवासी करण नेताम और आंध्र प्रदेश राज्य के विशाखापट्टनम जिला के गरतीपट्टनम गांव निवासी मेकला येशु शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *