August 28, 2026

रांची। राजधानी रांची के प्लाजा चौक के पास रविवार सुबह तेज रफ्तार कार और सेना के वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार दो युवतियों और चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए आर्किड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि सफेद रंग की कार पुरुलिया रोड की ओर से तेज गति से आ रही थी। प्लाजा चौक के पास सेना का वाहन जेल मोड़ की तरफ मुड़ रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सेना के वाहन से जा भिड़ी। हादसा इतना जोरदार था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं सेना के वाहन का बायां हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। टक्कर के बाद कार में सवार तीनों लोग अंदर फंस गए। आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने घायलों को काफी मशक्कत के बाद कार से बाहर निकाला। तीनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, उनके सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल घायलों की पहचान नहीं हो पाई है। घटना की जानकारी मिलते ही लालपुर थाना और लोअर बाजार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटाकर जब्त कर लिया। लोअर बाजार थाना प्रभारी लव सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह कार की तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *