जेपीएससी-जेएसएससी के लिए दिल्ली के अनुभवी फैकल्टी होंगे उपलब्ध
रांची: हज हाउस, कडरू में मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक कोचिंग योजना 2024 के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर रविवार को समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता झारखंड राज्य हज समिति के संयुक्त सचिव गुलाम समदानी ने की। बैठक में जेपीएससी-जेएसएससी की तैयारी के लिए प्राप्त आवेदनों, शैक्षणिक व्यवस्था, फैकल्टी, पाठ्यक्रम और अन्य सुविधाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि अब तक करीब 364 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। अभ्यर्थियों को बेहतर तैयारी कराने के लिए दिल्ली के अनुभवी एवं उच्च स्तर के फैकल्टी उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही हज हाउस में लाइब्रेरी और रीडिंग रूम की सुविधा भी विकसित की जा रही है। योजना के तहत जेपीएससी-जेएसएससी के अलावा रेलवे, पीओ, क्लर्क सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जाएगी। बैठक में शब्बीर अहमद, अफताब अहमद सहित संबंधित संस्था के प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की गई। आवेदन की अंतिम तिथि 12 अगस्त है। प्रवेश परीक्षा 23 अगस्त को हज हाउस में होगी। परिणाम 4 सितंबर को जारी किया जाएगा। नामांकन 15 सितंबर से और कक्षाएं 21 सितंबर से शुरू होंगी।

