August 28, 2026

मुंबई। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और लैंडस्लाइड के कारण पुणे-मुंबई के बीच यातायात पूरी तरह ठप हो गया है. पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे और मुंबई-पुणे नेशनल हाईवे पर यातायात प्रभावित है. दोनों को ही अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है. प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अगली सूचना तक पुणे-मुंबई या मुंबई-पुणे की यात्रा बिल्कुल न करें. बहुत जरूरी होने पर भी प्रशासन द्वारा जारी अपडेट और यातायात निर्देशों के मुताबिक ही निकलें. महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश ने मुंबई-पुणे मार्ग पर बड़ा असर डाला है. मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के मिसिंग लिंक सेक्शन में खंडाला एग्जिट के पास लैंडस्लाइड हुआ है. जिससे मुंबई जाने वाली पूरी लेन बंद कर दी गई है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, लैंडस्लाइड की इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) के मुताबिक, पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे –कनेक्टिंग लिंक और मिसिंग लिंक के बीच कंक्रीट के एक पिलर के गिरने की वजह से यातायात बंद है. वहीं, पुणे-मुंबई हाईवे पर कई जगहों पर पानी भरने के कारण रास्ता बंद है. इसके अलावा मावल और तामिनी घाट इलाके में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात हैं.  लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है. कई जगहों पर पानी का बहाव तेज हो गया है, जिससे यातायात पर गंभीर असर पड़ा है. वहीं पाटन गांव (लोहगड़ किला के पास) में भी भूस्खलन हुआ है. मुंबई-पुणे घाट सेक्शन में भारी बारिश के कारण कई जगहों पर लैंडस्लाइड हुआ है. ट्रैक पर बड़े-बड़े पत्थर और मिट्टी के ढेर गिर गए हैं, जिससे ट्रेन सेवाएं बाधित हैं. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्थिति की समीक्षा की है. उन्होंने कहा, टीम पूरी तरह तैयार है और जल्द से जल्द ट्रैक को साफ करके ट्रेन सेवाएं बहाल करने का काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *