लोहरदगा । जिले में गुरुवार को उस वक्त अफरा तफरी मच गई जब सुबह NIA की टीम ने संदिग्ध जगहों पर छापा मारा बता दे कि रांची स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रांत कार्यालय पर 16 जून 2026 को हुए पेट्रोल बम हमले की जांच अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है।गुरुवार तड़के राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने लोहरदगा में एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी कर मामले की जांच को नई दिशा दी।जानकारी के अनुसार सुबह करीब 4 बजे NIA की टीम केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ लोहरदगा पहुंची और उन स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया,जिनका संबंध हमले की साजिश से होने की आशंका है।इस दौरान पहले से न्यायिक हिरासत में चल रहे आरोपी सैफ अंसारी और अमन अंसारी के आवासों की भी गहन तलाशी ली गई।कार्रवाई के दौरान एक मकान का मुख्य दरवाजा बंद होने के कारण NIA की टीम ने क्रेन मंगवाकर भवन के ऊपरी हिस्से से घर में प्रवेश किया।यह दृश्य पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया।मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए,जिसके बाद केंद्रीय सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।सूत्रों के अनुसार कई घंटों तक चली इस तलाशी के दौरान जांच एजेंसी ने मोबाइल फोन,लैपटॉप,पेनड्राइव सहित कई डिजिटल उपकरण और कुछ संदिग्ध दस्तावेज जब्त किए हैं।बरामद सामग्रियों को फॉरेंसिक एवं तकनीकी जांच के लिए भेजा जाएगा,ताकि हमले के पीछे सक्रिय नेटवर्क और संभावित साजिशकर्ताओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई जा सके।NIA की इस कार्रवाई को रांची RSS प्रांत कार्यालय पेट्रोल बम हमले की जांच में अहम माना जा रहा है।एजेंसी अब जब्त डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।हालांकि NIA की ओर से तलाशी में बरामद सामग्री या आगे की कार्रवाई को लेकर अभी कोई आधिकारिक विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है।

