August 28, 2026

बारियातू: थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास के नेतृत्व में पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक 9 एमएम का लोडेड देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस समेत दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि पीएलएफआई संगठन से जुड़े लालदेश्वर यादव (28), पिता बिहारी यादव, ग्राम हाथडीह, पोस्ट झाबर, थाना बालूमाथ, जिला लातेहार अपने साथी एवं संगठन के कमांडर बादल यादव उर्फ पवन जी उर्फ दिलीप यादव के साथ निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, बरक्षिया, बारियातू के पास फायरिंग करने की तैयारी में है। बताया गया कि विद्यालय निर्माण करा रहे ठेकेदार अभिजीत पात्रा से लेवी की राशि नहीं मिलने के कारण फायरिंग की योजना थी।सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी विद्यालय के पास पहुंची। इसी दौरान पुलिस बल को देखकर बिना नंबर की बाइक पर सवार दो व्यक्ति तेजी से भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया। भागने के क्रम में बाइक निर्माणाधीन विद्यालय के आगे विश्रामपुर जाने वाली सड़क पर जबरा पुल के पास असंतुलित होकर गिर गई।बाइक चला रहा व्यक्ति अंधेरे और रात का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे व्यक्ति को पुलिस बल ने पीछा कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम लालदेश्वर यादव बताया।तलाशी के दौरान उसके पास से 9 एमएम का एक देशी पिस्टल लोडेड अवस्था में बरामद हुआ। पिस्टल को अनलोड करने पर उसमें से दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा आईटेल कंपनी का काले रंग का कीपैड मोबाइल और सैमसंग कंपनी का बैंगनी रंग का स्मार्टफोन भी बरामद कर जब्त किया गया।इस संबंध में बारियातू थाना में मामला दर्ज कर पुलिस द्वारा अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।छापेमारी दल में बारियातू थाना प्रभारी पुअनि प्रभात कुमार दास, पुअनि जितेंद्र कुमार, सअनि दिनेश कुमार, सअनि छोटू पंडा, आरक्षी 22 प्रवीण सिंह (रिजर्व गार्ड), आरक्षी 606 शिवनारायण यादव (रिजर्व गार्ड), आरक्षी 582 राहुल कुमार दुबे (तकनीकी शाखा, लातेहार) समेत बारियातू थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *