हजारीबाग । हजारीबाग के केरेडारी-बड़कागांव मेन रोड पर देसवारी के समीप देर शाम हुए सड़क हादसे में पिता और उनकी एक वर्षीय पुत्री की मौत हो गई। हादसे में मृतक की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। मृतकों की पहचान केरेडारी थाना क्षेत्र के बेलतू निवासी मो. आसीन और उनकी एक वर्षीय पुत्री के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मो. आसीन पत्नी और बेटी के साथ बाइक से अपने ससुराल जोको (केरेडारी) जा रहे थे। इसी दौरान देसवारी के पास केरेडारी की ओर से बड़कागांव जा रही एक अज्ञात स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गई। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल तीनों घायलों को केरेडारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मो. आसीन और उनकी पुत्री को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल पत्नी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग रेफर किया गया।

