धनबाद । भगोड़े प्रिंस खान के भाई गोपी खान के दो गुर्गे सोमवार की रात बरवाअड्डा में पुलिस एनकाउंटर में जख्मी हो गए। दोनों के दाहिने पैर में गोली लगी है। जख्मी अपराधियों की पहचान वासेपुर नूरी मस्जिद रोड निवासी इरफान आलम उर्फ टुन्ना और पुटकी निवासी नन्हे अंसारी के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है। घटना सोमवार रात 11:15 बजे की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि गोपी खान के गुर्गे लेवी वसूलने के लिए बरवाअड्डा की ओर आने वाले हैं। सूचना पर बरवाअड्डा थाना की गश्ती टीम अलर्ट थी। रात 11:15 बजे पुलिस ने देखा कि एक बाइक पर सवार तीन अपराधी बाइपास रोड से कुर्मीडीह होते हुए निरंकारी चौक की ओर आ रहे हैं। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। इसपर बाइक सवार अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। एक गोली गश्ती टीम की गाड़ी के आगे के शीशे पर लगी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इसमें इरफान और नन्हे के पैर में गोली लगी और दोनों जख्मी होकर बाइक समेत मौके पर गिर पड़े। वहीं, तीसरा अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। पुलिस ने मौके से दो पिस्टल बरामद की हैं। जख्मी होने के बाद पूछताछ में दोनों ने अपना नाम बताया। पुलिस ने तत्काल दोनों को मौके से उठाकर इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच भेज दिया।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।
https://chat.whatsapp.com/LnzXi8cnQGtKJUUT78UqXz

