August 28, 2026

गुमला । गुमला पुलिस को प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन जेजेएमपी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है. गुप्त सूचना के आधार पर डुमरी थाना क्षेत्र में चलाए गए अभियान में जेजेएमपी के सब-जोनल कमांडर और 5 लाख के इनामी रामदेव लोहरा समेत चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है. जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि रामदेव लोहरा डुमरी थाना क्षेत्र के अकासी और जयरागी गांव के आसपास सक्रिय है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस की ऑपरेशन टीम ने इलाके में अभियान चलाया. इस दौरान रामदेव लोहरा समेत जेजेएमपी के तीन अन्य सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया.‌ गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामदेव लोहरा (बिंगड़ा, लातेहार निवासी)  के रूप में हुई है. वह जेजेएमपी का सब-जोनल कमांडर है और उस पर 5 लाख का इनाम घोषित था. इसके अलावा अरविंद नायक (कोने, लातेहार , निवासी) को गिरफ्तार किया गया है. वह जेजेएमपी का एरिया कमांडर बताया गया है.‌तीसरे आरोपी की पहचान मुनेश्वर सिंह (किता मक्का, लोहरदगा निवासी) के रूप में हुई है. वह जेजेएमपी का सदस्य बताया गया है. चौथे आरोपी जितेंद्र लोहरा (उजरा, गुमला निवासी) को भी गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से पुलिस ने AK-56 राइफल, SLR राइफल और एक सेमी ऑटोमेटिक राइफल बरामद की है. इसके अलावा AK-47, SLR और सेमी ऑटोमेटिक राइफल के जिंदा कारतूस, एक वॉकी-टॉकी, आठ मोबाइल फोन, एक वाई-फाई डोंगल और प्रतिबंधित JJMP/नक्सली पर्चे भी बरामद किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *